End of World Prediction: हर साल ऐसी अफवाहें फैलती हैं कि दुनिया खत्म होने वाली है लेकिन इस बार चर्चा का कारण पाकिस्तान के विवादित रहस्यवादी रियाज अहमद गोहर शाही की वह पुरानी भविष्यवाणी है, जिसमें उन्होंने 2025 के अंत तक पृथ्वी के विनाश की भविष्यवाणी की थी। उनके अनुयायियों ने हाल ही में इसे फिर से उठाया है, जिसके बाद सोशल मीडिया पर भय और जिज्ञासा दोनों तेजी से फैल रहे हैं।
गोहर शाही ने अपनी किताब ‘द रिलीजन ऑफ गॉड’ (2000) में लिखा था कि एक विशाल धूमकेतु पृथ्वी की तरफ भेजा गया है, जो अगले 20-25 वर्षों में पृथ्वी से टकराएगा और यह इस दुनिया का अंतिम दिन होगा। उनके अनुसार, मानवता ‘आध्यात्मिक सत्य’ से दूर हो चुकी है, इसलिए ईश्वर मानव सभ्यता को समाप्त करने के लिए एक धूमकेतु भेज रहे हैं।
इस वजह से हो रहा है ऐसा
उनके अनुयायियों का दावा है कि यह धूमकेतु टकराव विशालभूकंप, सुनामी, और वैश्विक तबाही लाएगा, जिसके बाद पृथ्वी पहले जैसी नहीं रहेगी। उनका कहना है कि यह सब मानवता के नैतिक पतन, बढ़ते युद्धों और विनाशकारी हथियारों के कारण हो रहा है।
गोहर शाही का रहस्यमय गायब होना
किताब की पब्लिकेशन के ठीक एक साल बाद, सितंबर 2001 में गोहर शाही लंदन से रहस्यमय तरीके से गायब हो गए। उनके अनुयायियों का मानना है कि वे अभी भी जीवित हैं और दुनिया से छिपे हुए हैं। उन्होंने अपने जीवन में अंजुमन सरफरोशान-ए-इस्लाम और मेसिया फाउंडेशन इंटरनेशनल (MFI) जैसे कई आध्यात्मिक संगठन स्थापित किए थे।
NASA ने दावे को नकारा
इन तमाम भविष्यवाणियों और दावों के बीच NASA और अन्य वैश्विक स्पेस एजेंसियों ने स्पष्ट कहा है कि 2026 तक पृथ्वी को खतरा पहुंचाने वाली कोई भी वस्तु नहीं है।NASAने कई संभावित खतरनाक क्षुद्रग्रहों जैसे अपोफिस को भी खतरे की सूची से हटा दिया है। वर्तमान डेटा के अनुसार, ऐसा कोई भी धूमकेतु या क्षुद्रग्रह पृथ्वी की ओर नहीं बढ़ रहा है जो निकट भविष्य में टकराव का खतरा पैदा करे।
दावे और विज्ञान में टकराव
जहां गोहर शाही के अनुयायी इसे ईश्वरीय चेतावनी मान रहे हैं, वहीं वैज्ञानिक इसे पूरी तरह आधारहीन बता रहे हैं। अंतरिक्ष विज्ञान के विशेषज्ञों की राय है कि पृथ्वी से टकराने वाली किसी भी अंतरिक्ष वस्तु का पूर्वानुमान कई वर्षों पहले लगाया जा सकता है, और फिलहाल ऐसा कोई संकेत नहीं है।
