चलती बस में भीषण आग, 43 यात्रियों की बची जान
2 मिनट की देरी होती तो हो सकती थी बड़ी त्रासदी, खिड़कियों से कूदकर यात्रियों ने बचाई जान
कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में शुक्रवार सुबह नौबस्ता–रामादेवी नेशनल हाईवे पर एक बड़ा हादसा टल गया। दिल्ली से बनारस जा रही एक यात्री बस में अचानक भीषण आग लग गई। बस में करीब 43 यात्री सवार थे। रामादेवी चौराहे के पास बस से अचानक धुआं उठना शुरू हुआ और कुछ ही क्षणों में आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।
यात्रियों में अफरा-तफरी, खिड़कियों से कूदकर बचाई जान
जैसे ही यात्रियों ने धुआं देखा, बस में हड़कंप मच गया। बस में रखा सामान भी धू-धूकर जलने लगा। कई यात्रियों ने बिना देर किए खिड़कियों से कूदकर अपनी जान बचाई। बताया जा रहा है कि घटना के समय सिर्फ दो मिनट की देरी होती तो कई लोग जिंदा जल सकते थे।
पुलिस और फायर टीम ने सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाला
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत रेस्क्यू शुरू किया। बहादुरी दिखाते हुए पुलिस ने बस में फंसे सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। वहीं, फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी।
हाईवे पर लगा लंबा जाम, कारण की जांच जारी
हादसे के कारण हाईवे पर लंबा जाम लग गया। यात्रियों का कहना है कि बस की छत पर रखे सामान में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगी। फिलहाल पुलिस आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।
