अवैध धान परिवहन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई,महाराष्ट्र से आने वाला ट्रक जब्त, दो बिचौलियों के घर दबिश—कुल 414 क्विंटल धान बरामद

अवैध धान परिवहन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई
महाराष्ट्र से आने वाला ट्रक जब्त, दो बिचौलियों के घर दबिश—कुल 414 क्विंटल धान बरामद

मोहला-मानपुर। छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर जिले में अवैध धान भंडारण और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। लगातार चौथे दिन भी बड़ी कार्रवाई की गई, जिसमें महाराष्ट्र से छत्तीसगढ़ आ रहा धान से भरा ट्रक बॉर्डर पर जब्त किया गया। इसके अलावा ग्राम पेंडलकुही में दो बिचौलियों के ठिकानों पर दबिश देकर अवैध धान भी बरामद किया गया है। यह संयुक्त कार्रवाई तहसीलदार और पुलिस टीम द्वारा की गई।

बॉर्डर पर ट्रक पकड़ा, 350 कट्टा धान बरामद

जिला पुलिस के अनुसार अवैध परिवहन रोकने सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी कड़ी की गई है। इसी क्रम में अंबागढ़ चौकी तहसीलदार और चिल्हाटी थाना प्रभारी संजय मेरावी की टीम ने MH 35 AJ 1371 नंबर की ट्रक को रोका। जांच में 350 कट्टा अवैध धान मिला, जिसका वजन 126 क्विंटल है। ट्रक चालक ने बताया कि धान ब्रम्हपुरी (महाराष्ट्र) से राजनांदगांव ले जाया जा रहा था। धान सहित ट्रक को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू की गई है।

दो कोचियों के घर छापा, 29 क्विंटल धान जब्त

बॉर्डर कार्रवाई के बाद टीम ने ग्राम पेंडलकुही में दबिश दी। यहां दो स्थानीय कोचियों—

  • विष्णु साहू के पास से 10 क्विंटल

  • सुरेश कुमार तारम से 19 क्विंटल
    अवैध धान बरामद हुआ। दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।

लगातार कार्रवाई से घबराए तस्कर

जिले में अवैध धान पर प्रशासन की सख्ती लगातार बढ़ रही है।

  • एक दिन पहले मानपुर तहसीलदार शुभांगी गुप्ता और पुलिस टीम ने भर्रीटोला में दो पिकअप से 58 क्विंटल धान पकड़ा था।

  • मंगलवार को चिल्हाटी थाना क्षेत्र में 259.20 क्विंटल धान से भरी ट्रक पकड़ी गई थी।

चार दिन में 414 क्विंटल से ज्यादा धान जब्त

सिर्फ चार दिनों के भीतर जिले में 414.20 क्विंटल अवैध धान जब्त किया जा चुका है, जो प्रशासन की कड़ी कार्रवाई और अवैध कारोबारियों पर बढ़ती नकेल का संकेत देता है।

प्रशासन ने साफ कर दिया है कि अवैध धान परिवहन और भंडारण में शामिल किसी भी व्यक्ति पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।