रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में जीआरपी की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई ने एक बड़ी अपहरण वारदात को नाकाम कर दिया। 17 नवंबर 2025 को 5 वर्षीय बच्ची खनक को स्टेशन परिसर से बहला-फुसलाकर ले जाया गया था। दस दिनों की जांच के बाद जीआरपी ने बच्ची को सकुशल बरामद कर महिला आरोपी ज्योति देवी (40 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।
घटना का विवरण
बच्ची की मां काजल कुशवाहा अपने दो बच्चों को स्टेशन के फुट ओवरब्रिज के पास परिचित के पास छोड़कर पति के साथ होटल गई थीं। लौटने पर खनक गायब मिली। रामजी ने बताया कि एक अज्ञात महिला बच्ची को ‘बिस्किट खिलाकर आती हूं’ कहकर अपने साथ ले गई थी।
पुलिस कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी रायपुर ने अपराध क्रमांक 138/2025 धारा 137(2), 142 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और संदिग्ध महिला की तलाश तेज की गई।
मुखबिर से सूचना मिलने पर टीम ने प्लेटफॉर्म नंबर 4–5 पर सघन चेकिंग की। इसी दौरान संदिग्ध महिला ज्योति देवी बच्ची के साथ घूमती हुई पाई गई। पूछताछ में आरोपी ने अपराध कबूल कर लिया और बताया कि उसने बच्ची को बहला-फुसलाकर मथुरा से रायपुर लाया था, और आगे पुरी ले जाने की योजना थी।
बच्ची सुरक्षित बरामद
पुलिस ने बच्ची की पहचान उसके परिजनों द्वारा कराई और सुपुर्दनामा के जरिए उसे परिजनों के हवाले कर दिया। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी का किसी मानव तस्करी गिरोह से संबंध है या यह घटना अकेले की गई थी।
जीआरपी की त्वरित कार्रवाई और सीसीटीवी फुटेज की गहन पड़ताल से बच्ची सुरक्षित लौट आई, जिससे रायपुर में राहत की लहर फैल गई।
