टिहरी, उत्तराखंड: उत्तराखंड के टिहरी जिले में कुंजापुरी के पास एक भयावह सड़क हादसा हुआ। बस खाई में गिरने से 5 लोगों की मौत और 23 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, बस में गुजरात और दिल्ली से आए श्रद्धालु सवार थे, जो कुंजापुरी दर्शन के लिए जा रहे थे। हादसे के समय बस संख्या UK07PA 1769 हिंडोलाखाल के पास लगभग 70 मीटर गहरी खाई में गिर गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। घायल यात्रियों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि मृतकों की पहचान और संख्या की पुष्टि की जा रही है। एएसपी जेआर जोशी ने बताया कि मृतकों में कुछ गुजरात और कुछ दिल्ली के रहने वाले हैं।
घटना स्थल से पता चलता है कि ऋषिकेश से कुंजापुरी की दूरी करीब 23 किलोमीटर है और हादसा कुंजापुरी से पहले हुआ। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी है।
इस हादसे ने तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों में गहरा सदमा फैला दिया है।
