CM विष्णुदेव साय ने PM मोदी के श्रम सुधारों को बताया ऐतिहासिक कदम

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लागू किए गए चारों लेबर कोड्स को देश और छत्तीसगढ़ के लिए ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह सुधार उद्योगों, कामगारों और MSME सेक्टर के लिए मील का पत्थर साबित होंगे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि स्वतंत्रता के बाद यह सबसे व्यापक और प्रगतिशील श्रम सुधार हैं। इनसे श्रमिकों को सशक्त बनाने के साथ-साथ व्यवसाय करने की प्रक्रिया आसान और पारदर्शी होगी। इसके अलावा, छत्तीसगढ़ की औद्योगिक विकास नीति 2024–30 के तहत निर्धारित निवेश, MSME विस्तार और रोजगार सृजन के लक्ष्य और मजबूत होंगे।

श्रमिकों को मिलेगा लाभ

विष्णुदेव साय ने कहा कि लेबर कोड लागू होने से न्यूनतम वेतन की गारंटी, सामाजिक सुरक्षा, सुरक्षित कार्यस्थल और समय पर वेतन भुगतान जैसी सुविधाएं सुनिश्चित होंगी। इससे उद्योग–श्रमिक संबंध मजबूत होंगे और श्रमिकों का विश्वास बढ़ेगा। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में इस सुधार के लिए आभार व्यक्त किया।

औद्योगिक निवेश और रोजगार में बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि लेबर कोड से न केवल औद्योगिक निवेश बढ़ेगा बल्कि छोटे और मध्यम उद्योगों को भी नई दिशा मिलेगी। इससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और राज्य में आर्थिक विकास को गति मिलेगी।

विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों और उद्योगों के हित में संतुलन बनाए रखने के लिए आवश्यक उपाय जारी रखेगी। चारों लेबर कोड का लागू होना छत्तीसगढ़ के औद्योगिक और आर्थिक विकास के लिए नया युग साबित होगा और निवेश, रोजगार तथा सामाजिक सुरक्षा सभी क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव लाएगा।