CG LOAN FRAUD: सरकारी कर्मचारियों से 300 करोड़ का लोन घोटाला! डेढ़ महीने की जांच में नहीं मिला पैसों का सुराग, बैंकों पर भी सांठ–गांठ का आरोप

 6 आरोपी जेल में, पीड़ितों पर लोन किस्तों का नोटिस जारी—अब SIT जांच की उठी मांग

रायपुर। राज्यभर के सरकारी कर्मचारियों के साथ हुए बड़े लोन फ्रॉड मामले में अब नए खुलासे सामने आ रहे हैं। Spash Advisors और RV Group नाम की कंपनियों द्वारा कर्मचारियों को 50% रकम देने और पूरी EMI कंपनी द्वारा चुकाने का लालच देकर की गई ठगी लगभग 300 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है। यह घोटाला लगभग एक वर्ष में अंजाम दिया गया।

लल्लूराम डॉट कॉम ने 28 मार्च को इस पूरे लोन फ्रॉड का खुलासा किया था, जिसके बाद मामला तेजी से सामने आया और कोतवाली थाना पुलिस ने 6 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया। लेकिन डेढ़ महीने की जांच के बाद भी पुलिस यह पता नहीं लगा सकी है कि घोटाले की रकम आखिर गई कहां?

इसी वजह से अब इस पूरे मामले में SIT का गठन की मांग जोर पकड़ने लगी है।

किन आरोपियों को पकड़ा गया?

4 अप्रैल 2025 को रायपुर पुलिस ने जिन 6 लोगों को गिरफ्तार किया, उनमें शामिल हैं—

  • विभा वर्मा

  • पूजा यादव

  • अभय कुमार गुप्ता उर्फ अभयकांत मुंशी

  • सुरेंद्र सिंह करियाम

  • मनोज कुमार भगत

  • राकिब हुसैन उर्फ वासु

सभी आरोपी फिलहाल जेल में बंद हैं।

जमा रकम का नहीं मिला कोई पता

पुलिस की अब तक की जांच में घोटाले की लगभग 300 करोड़ की रकम कहां भेजी गई—यह स्पष्ट नहीं हो सका है।
इसी कारण राज्य स्तर पर SIT बनाकर बैंक कर्मचारियों से लेकर अन्य विभागों की भूमिका की भी जांच करने की मांग बढ़ रही है।

पीड़ितों को राहत नहीं—बैंकों से लगातार नोटिस

हैरानी की बात है कि:

  • आरोपियों की जमानत अभी नहीं हुई

  • लेकिन पीड़ितों पर लगातार बैंकों से EMI जमा करने के नोटिस भेजे जा रहे हैं

जबकि हाईकोर्ट ने पीड़ितों को अंतरिम राहत देने के निर्देश दिए हैं
पीड़ितों ने इसे लेकर RBI से शिकायत भी की है।

पीड़ितों का आरोप—बैंक भी शामिल

सरकारी कर्मचारियों ने RBI को दी शिकायत में लिखा—

  • उन्हें बैंक गए बिना लोन स्वीकृत कर दिया गया

  • कंपनी वालों ने फोन कर आधार कार्ड, सैलरी स्लिप, पेन कार्ड ले लिया

  • आवेदन बैंक शाखा में ले जाए बिना सीधे मंजूर कर दिया गया

  • सिर्फ मोबाइल OTP लेकर लोन जारी किया गया

  • खाते में लोन आते ही कंपनी ने आधी रकम अपने खाते में ट्रांसफर करा ली

उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब बैंक कर्मचारियों की सांठ–गांठ से हुआ है।

कैसे किया गया यह बड़ा फ्रॉड?

Spash Advisors Pvt. Ltd., DM प्लाजा रायपुर में खुला एक ऑफिस—

स्कीम:

  • सरकारी कर्मचारी के नाम पर लोन

  • EMI पूरी कंपनी भरेगी

  • लोन की 50% रकम कर्मचारी को दे दी जाएगी

  • बाकी 50% कंपनी अपने खाते में ले लेगी

कई लोग झांसे में आकर 30–50 लाख तक के लोन ले बैठे।

कुछ सरकारी कर्मचारियों को 100% नुकसान

कई कर्मचारी कंपनी के कहने पर लोन की आधी रकम FD कराने के लिए दे बैठे—
और वह पूरी रकम भी डूब गई।
अब कर्मचारी EMI भरने को मजबूर हैं, जबकि रकम गायब है।

पीड़ितों ने RBI से मांग की है कि:

  • बैंकों की भूमिका की उच्च स्तरीय जांच हो

  • स्पैश एडवाइजर्स और RV ग्रुप से जुड़े सभी लोगों की गिरफ्तारी हो

  • घोटाले की रकम की बरामदगी सुनिश्चित की जाए