दुर्ग। जिले में अवैध गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए दुर्ग पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी कड़ी में स्मृति नगर पुलिस ने देह व्यापार की सूचना पर दो स्पा सेंटरों पर रेड कर बड़ी कार्रवाई की है। मसाज और थेरेपी के नाम पर चल रहे इस अवैध कारोबार में दो लोगों को संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
मसाज के नाम पर चल रहा था गोरखधंधा
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अमन ढाबा के पास स्थित लविश फैमिली स्पा एंड सैलून तथा ड्रीम केचर स्पा एंड सैलून में लड़कियों से देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना की पुष्टि होने पर तुरंत टीम गठित कर दोनों स्पा सेंटरों में दबिश दी गई।
संचालिका और एक युवक पकड़े गए
छापेमारी के दौरान स्पा सेंटर की संचालिका अहिल्या सागरवंशी (36 वर्ष), निवासी सिकोला भाठा, जयंती नगर, दुर्ग और एक युवक अकुश ईखार (29 वर्ष), निवासी हाउसिंग बोर्ड, जामुल को संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त पाया गया। दोनों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधात्मक धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है।
अभियान में पुलिस की टीम सक्रिय
इस कार्रवाई में नगर पुलिस अधीक्षक भारती मरकाम, उप निरीक्षक संगीता मिश्रा, महिला आरक्षक यमिता साहू, पुष्पा तिवारी, सउनि गौरखनाथ चौधरी और आरक्षक कमल नारायण की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
