रायगढ़ में अवैध धान की बड़ी गिरफ्तारी: व्यापारी ने छुपा रखी 65 बोरी, जांच टीम ने पकड़ा

राजस्व और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध भंडारण और परिवहन पर की कार्रवाई

रायगढ़। जिले में धान खरीदी की शुरुआत होते ही अवैध धान को लेकर लगातार कार्रवाई जारी है। पंजीकृत व्यापारी द्वारा 65 बोरी धान को दूसरे के घर में छुपाकर भंडारण करने की सूचना पर राजस्व, खाद्य और मंडी विभाग की संयुक्त जांच टीम ने छापेमारी कर इसे जब्त कर लिया।

सूचना मिलने के बाद 20 नवंबर को ग्राम घरघोड़ी स्थित अंगद यादव के घर जांच की गई। वहां टीम ने 65 बोरी अवैध धान पाया। पूछताछ में अंगद यादव ने बताया कि मंडी का लाइसेंसधारी व्यापारी उद्धव डनसेना ने यह धान रखवाया था। इससे स्पष्ट हुआ कि धान को अवैध रूप से बाजार में खपाने की तैयारी की जा रही थी।

इसके अलावा, पुलिस ने ओडिशा से रायगढ़ ला रहे पिकअप लोड में 60 बोरी धान भी जब्त किया। विभाग ने मंडी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है

अधिकारियों ने कहा कि ऐसे छापे अवैध धान परिवहन और भंडारण पर निगरानी बढ़ाने के प्रयास का हिस्सा हैं और भविष्य में भी ऐसे मामलों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।