अम्बिकापुर में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का ऐतिहासिक आगमन, जनजातीय गौरव दिवस में होगा भव्य समारोह!
अम्बिकापुर कल राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आ रही हैं
रायपुर : भगवान बिरसा मुंडा की जन्म जयंती के अवसर पर 19 और 20 नवंबर को अम्बिकापुर के पी.जी. कॉलेज मैदान में राज्य स्तरीय भव्य जनजातीय गौरव दिवस समारोह का आयोजन किया जाएगा। समारोह की शुरुआत प्रातः 10 बजे होगी।
मुख्य आकर्षण होगा 20 नवंबर को भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का आगमन, जो इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। समारोह के समापन में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम, केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गा दास उईके, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव व विजय शर्मा, आदिम जाति मंत्री रामविचार नेताम, वित्त मंत्री ओमप्रकाश चौधरी, संस्कृति मंत्री रजेश अग्रवाल और सरगुजा लोकसभा सांसद चिंतामणि महाराज सहित कई गणमान्य लोग विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित होंगे।
कार्यक्रम में नगर-निगम अम्बिकापुर की महापौर मंजूषा भगत, मंत्रीगण, सांसदगण, विधायकगण, जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और समाज के प्रबुद्धजन भी शामिल होंगे।
19 नवंबर को राष्ट्रीय स्तर पर जनजातीय गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम में जनजातियों के योगदान पर संगोष्ठी का आयोजन होगा। इसके साथ ही उत्तर छत्तीसगढ़ क्षेत्र का जनजातीय लोकनृत्य महोत्सव, शहीद वीर नारायण सिंह लोककला नृत्य प्रतियोगिता और सरगुजा संभाग राज्य स्तरीय जनजातीय विकास प्रदर्शनी एवं क्राफ्ट मेला भी आयोजित होगा।
20 नवंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों जनजातीय विद्रोहों के नायकों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिवार के सदस्यों को सम्मानित किया जाएगा। इसी अवसर पर मुख्यमंत्री बैगा, गुनिया, हड़जोड़ सम्मान योजना का शुभारंभ भी करेंगे।
यह आयोजन छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति और गौरवशाली इतिहास को सम्मान देने का एक अनूठा अवसर साबित होगा।
