रायगढ़: लैलूंगा पुलिस ने 16 नवंबर 2025 की सुबह ढोढ़ीनार जंगल मार्ग पर पलटी पिकअप से 8 गौवंश को सुरक्षित बचाया। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश मरकाम के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई मानवीय दृष्टिकोण के साथ की गई।
सुबह करीब 8:30 बजे ग्राम कोटवार बिरसिंघा से थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव को सूचना मिली कि एक पिकअप वाहन पलट गया है। मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि सफेद पिकअप (क्रमांक JH 01 FR 4758) सड़क किनारे पलटी हुई थी और हरी प्लास्टिक पन्नियों से ढकी हुई थी। पन्नियाँ हटाने पर पुलिस ने देखा कि वाहन में 8 गौवंश अत्यंत तंग और दयनीय स्थिति में थे।
पुलिस ने गांववालों की मदद से सभी गौवंशों को सुरक्षित बाहर निकाला, उन्हें पानी पिलाया और प्राथमिक देखभाल सुनिश्चित की। प्राथमिक जांच में पता चला कि अज्ञात आरोपी गौवंशों को क्रूरता पूर्वक ठूसकर अवैध रूप से परिवहन कर रहा था। सभी गौवंशों को ग्राम पंचायत बिरसिंघा के गोठान में सुरक्षित रखा गया।
वाहन चालक और अन्य संबंधित आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 296/2025 के तहत छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 एवं 11 के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। पलटी पिकअप को थाना परिसर में जप्त कर लिया गया।
थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव ने बताया कि पुलिस संवेदनशील परिस्थितियों में जीवन और पशु कल्याण की सुरक्षा के लिए तत्पर रहती है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि अवैध पशु परिवहन या किसी अन्य अपराध की सूचना तुरंत पुलिस को दें। इस कार्रवाई से यह संदेश गया कि कानून का पालन केवल दंड देने तक सीमित नहीं है, बल्कि जान-माल की सुरक्षा करना और जिम्मेदारी निभाना भी पुलिस की प्राथमिकता है।