हार्वेस्टर को ट्रक ने मारी जोरदार टक्कर… भीषण सड़क हादसा, 9 मजदूर घायल

कांकेर। जिले के पखांजूर क्षेत्र में रविवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। बड़गांव थाना क्षेत्र के बड़गांव–छिंदपाल मार्ग पर तेज़ रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़े हार्वेस्टर को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में नौ लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, हार्वेस्टर का पंचर बनाया जा रहा था और मजदूर आसपास मरम्मत कार्य में लगे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज गति से आ रहा ट्रक अनियंत्रित होकर सीधे हार्वेस्टर से जा भिड़ा। जोरदार टक्कर की वजह से वहां मौजूद मजदूर और ग्रामीण दूर जा गिरे। हादसे में दो बाइक सवार भी इसकी चपेट में आ गए।

स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बड़गांव पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। दो गंभीर रूप से घायल युवकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।