रायपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस की अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार कार्रवाई के बीच फिंगेश्वर थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने ओडिशा से गांजा तस्करी कर रहे दो आरोपियों को पकड़ते हुए 18 किलो 500 ग्राम गांजा जब्त किया। बरामद गांजे की बाजार कीमत लगभग 2.70 लाख रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में सुपेला भिलाई निवासी किसन निषाद (43 वर्ष) और नवापारा सोनासिल्ली निवासी छम्मन साहू (32 वर्ष) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर छत्तीसगढ़ के विभिन्न इलाकों में सप्लाई करते थे।
पुलिस ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर एक सेंट्रो कार (CG 04 B 0831) को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि यह गांजा रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई किया जाना था।
फिंगेश्वर पुलिस ने बताया कि दोनों तस्कर पहले भी कई बार इस धंधे में सक्रिय रहे हैं और अब उनकी सप्लाई चेन, संपर्क और नेटवर्क की जांच की जा रही है। इस कार्रवाई को जिला पुलिस और स्थानीय पुलिस बल ने बड़ी उपलब्धि बताया है।
पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत थाने को दें। फिंगेश्वर थाना क्षेत्र में यह हाल के दिनों में दूसरी बड़ी गांजा तस्करी की गिरफ्तारी है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि पुलिस लगातार अवैध गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है।
