रायगढ़: साइबर ठगी में उपयोग हुए दो म्यूल खाता धारक गिरफ्तार, जेल भेजे गए

रायगढ़। जिले की पुसौर पुलिस ने साइबर ठगी के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले दो म्यूल खाता धारकों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। आरोपी हैं ईश्वर सिदार (29 वर्ष) और ऋषि कुमार सिदार (33 वर्ष), दोनों निवासी कारीछापर थाना पुसौर।

जानकारी के अनुसार, भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा संचालित भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र के “समन्वय” पोर्टल से साइबर अपराध से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां पुलिस को उपलब्ध कराई गई। इसी क्रम में विभिन्न बैंकों में साइबर धोखाधड़ी से प्राप्त रकम के लेन-देन में प्रयुक्त खातों का विवरण साइबर सेल रायगढ़ को मिला।

जांच में पता चला कि ऋषि कुमार सिदार ने ईश्वर सिदार से अपने नाम पर बैंक खाता खुलवाने के लिए कहा और प्रतिमाह 1000 रुपये देने का लालच दिया। ईश्वर ने कर्नाटक बैंक में खाता खुलवाकर पासबुक ऋषि को सौंप दी। साइबर सेल की जांच में उक्त खाते में कुल 6,92,200 रुपये साइबर धोखाधड़ी से प्राप्त पाए गए।

साइबर सेल की शिकायत पर थाना पुसौर में अपराध क्रमांक 263/2025 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। जांच के दौरान दोनों आरोपी दोषी पाए गए और 13 नवंबर 2025 को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेजे गए।