रायपुर। रक्षाबंधन के दिन मां-बेटी की रहस्यमयी मौत की गुत्थी अब सुलझ गई है। पुलिस ने बताया कि मां की मौत अधिक शराब पीने से हुई, और जब बेटी ने मां को तड़पते देखा तो उसे कार्डियक अरेस्ट आया, जिससे उसकी भी मृत्यु हो गई। घटना के वक्त घर पर कोई नहीं था, इसलिए प्रारंभिक जांच में मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई थी।
यह मामला रायपुर से लगे खरोरा के पचरी गांव, सतनामी पारा का है। 9 अगस्त को बिंदा बाई चतुर्वेदी (55) और उनकी बेटी उषा मनहरे (40) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। उषा त्योहार मनाने अपने मायके आई थी। घटना के समय घर में बेटा शीतल चतुर्वेदी (34) नशे की हालत में सो रहा था।
रात करीब 8 बजे शीतल ने देखा कि मां और बहन उषा कमरे में जमीन पर गिरी थीं और तड़प रही थीं। पड़ोस के डॉक्टर को बुलाया गया, लेकिन दोनों की नाजुक हालत के कारण इलाज नहीं किया जा सका। अस्पताल ले जाने से पहले ही दोनों मां-बेटी की मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने विसरा रिपोर्ट के आधार पर मामला स्पष्ट कर दिया है और अब जांच को बंद किया जाएगा।
