बिग बॉस 19 में अमाल मलिक ने पिता को ‘असफल’ कहा, इंटरनेट पर मचा गुस्सा

मनोरंजन: बिग बॉस 19 के घर में हाल ही में अमाल मलिक और गौरव खन्ना के बीच भाई-भतीजावाद और इंडस्ट्री में शुरुआती संघर्ष को लेकर जोरदार बहस हुई। इस बहस में अमाल ने अपने पिता डब्बू मलिक को “असफल” तक कह डाला, जिससे सोशल मीडिया पर नाराजगी फैल गई।

अमाल मलिक, जो संगीतकार डब्बू मलिक के बेटे और अनु मलिक के भतीजे हैं, ने बहस में अपने संघर्ष और परिवार की कहानी का हवाला दिया। गौरव खन्ना ने यह तर्क दिया कि इंडस्ट्री से जुड़े लोगों को बाहरी कलाकारों की तुलना में आसानी से अवसर मिल जाते हैं। इस पर अमाल ने जोर देकर कहा कि हर कलाकार को संघर्ष करना पड़ता है, और उन्होंने अपने भाई अरमान और खुद के संघर्ष का हवाला दिया।

हालाँकि बहस के दौरान अमाल ने कहा:

“मेरे पापा को कभी अनु मलिक का सपोर्ट मिला ही नहीं, हम रिवर्स नेपोटिज़्म के प्रोडक्ट हैं। डब्बू मलिक असफल रहे और मुझे यह स्वीकार करने में कोई दिक्कत नहीं है।”

सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं ने अमाल के इस बयान को अपने पिता के संघर्ष को बहस में घसीटने वाला कदम बताते हुए आलोचना की।

अमाल मलिक ने 2014 में सलमान खान की फिल्म ‘जय हो’ से संगीतकार के रूप में शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने ‘रॉय’, ‘एक पहेली लीला’, ‘ऑल इज़ वेल’, ‘हीरो’ और ‘एयरलिफ्ट’ जैसी फिल्मों में गाने दिए और धीरे-धीरे इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाई।