सोने-चांदी की कीमतों में जबरदस्त उछाल, निवेशकों के चेहरे खिले

बिजनेस डेस्क। सोने और चांदी की कीमतों में बुधवार को एक बार फिर जोरदार उछाल देखने को मिला। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोना ₹1,23,943 प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता दिखा, जो हाल के दिनों का उच्च स्तर है। वहीं, चांदी में भी भारी तेजी दर्ज की गई और इसका भाव ₹1,55,381 प्रति किलोग्राम तक पहुंच गया।

विशेषज्ञों के अनुसार, डॉलर की कमजोरी और दिसंबर में अमेरिकी फेडरल रिजर्व (US Fed) द्वारा ब्याज दरों में कटौती की संभावनाओं ने कीमती धातुओं को मजबूत सपोर्ट दिया है। बाजार में निवेशक अब गोल्ड और सिल्वर में निवेश को सुरक्षित विकल्प मान रहे हैं।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी तेजी बरकरार
ग्लोबल मार्केट में भी गोल्ड के भाव में लगातार चौथे सत्र बढ़ोतरी दर्ज की गई। आज स्पॉट गोल्ड 0.16% की बढ़त के साथ 4,120 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता नजर आया। वहीं, डॉलर इंडेक्स 99.46 के इंट्राडे लो पर पहुंच गया है, जो गोल्ड के लिए सकारात्मक संकेत है। डॉलर के कमजोर होने से अन्य मुद्राओं में सोना सस्ता हो जाता है, जिससे इसकी मांग बढ़ती है।

कमोडिटी एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगर अमेरिकी फेड की ओर से ब्याज दरों में कटौती की पुष्टि होती है, तो आने वाले दिनों में सोने और चांदी दोनों की कीमतों में और तेजी देखी जा सकती है। निवेशकों को इस स्थिति में सावधानीपूर्वक ट्रेडिंग की सलाह दी गई है।