Raipur/केवड़िया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को गुजरात के केवड़िया स्थित एकता नगर में आयोजित “भारत पर्व” में शामिल होकर छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारत पर्व हमारे देश की विविधता में एकता का जीवंत प्रतीक है, जहां एक मंच पर भारत के हर राज्य की संस्कृति, परंपरा और गौरव को देखा जा सकता है।
कार्यक्रम में दिल्ली के उपराज्यपाल वी. के. सक्सेना और छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री साय ने लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को नमन करते हुए कहा कि यह पर्व उनकी 150वीं जयंती वर्ष पर आयोजित किया गया है, जिसका समापन धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती यानी राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस पर होगा।
उन्होंने कहा कि भारत पर्व न केवल सांस्कृतिक विविधता का संगम है, बल्कि यह देश के भावनात्मक एकीकरण का भी सशक्त प्रतीक है।
मुख्यमंत्री साय ने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी की भव्यता की प्रशंसा करते हुए कहा, “यह प्रतिमा भारत की एकता की पहचान है। जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसके निर्माण का निर्णय लिया, तब हर गांव से लोहा मंगवाया गया था — यह सच्चे अर्थों में एक भारत का प्रतीक है।”
मुख्यमंत्री ने सरदार पटेल के योगदान को याद करते हुए कहा कि जिस तरह उन्होंने रियासतों को जोड़कर एक भारत बनाया, उसी तरह प्रधानमंत्री मोदी ने आज उस सपनों के भारत को सशक्त किया है। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण का निर्णय लेकर सनातन संस्कृति के वैभव को पुनः स्थापित किया, और आज उसी मार्ग पर देश आगे बढ़ रहा है।
साय ने कहा कि “यह हम सबका सौभाग्य है कि देश की विरासत प्रधानमंत्री मोदी जैसे दूरदर्शी नेतृत्व के हाथों में है, जो सरदार पटेल के आदर्शों को आगे बढ़ा रहे हैं।”
उन्होंने बताया कि हाल ही में राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ की झांकी ने एकता परेड में हिस्सा लेकर पूरे देश को राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने पर हुए आयोजनों का उल्लेख करते हुए कहा कि बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय का वंदे मातरम् और सरदार पटेल की एकता की भावना ही हमारी राष्ट्रीय पहचान है।
भारत पर्व के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ के सांस्कृतिक दल के कलाकारों से भी मुलाकात की और उन्हें बधाई दी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, सचिव राहुल भगत सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
