रायपुर। राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम रिंग रोड पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। संतोषी नगर स्थित गोल्डन मार्बल के सामने तेज रफ्तार से दौड़ रही एक मारुति सुजुकी अर्टिगा कार (CG 04 OM 6685) अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और मौके पर अफरातफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार बेहद तेज रफ्तार में रिंग रोड की ओर से आ रही थी। अचानक चालक का वाहन पर काबू छूट गया और कार खंभे से टकराते ही बुरी तरह मरोड़ गई। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन इस बीच चालक रहस्यमय तरीके से मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि कार में अकेला चालक ही सवार था।
इसी दौरान दूसरी दिशा से आ रही एक अन्य कार में बैठे युवक के घायल होने की जानकारी भी सामने आई है। आसपास मौजूद लोगों ने घायल युवक को तुरंत निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसा इतना भीषण था कि कुछ समय तक सड़क पर ट्रैफिक पूरी तरह अव्यवस्थित हो गया था। टक्कर के बाद कार से तेल लीक होकर सड़क पर फैल गया, जिससे फिसलन की स्थिति बन गई। आसपास के दुकानदारों ने बताया कि टक्कर की गति इतनी तेज थी कि कार के इंजन पार्ट तक टूटकर बाहर आ गए।
लोगों ने बताया कि उन्होंने हादसे की जानकारी टिकरापारा पुलिस को दी थी, लेकिन देर रात तक कोई पुलिस टीम मौके पर नहीं पहुंची। इसके चलते राहगीरों और स्थानीय निवासियों ने खुद ही ट्रैफिक को संभाला और दुर्घटनाग्रस्त कार के आसपास चेतावनी के लिए अवरोधक लगाए।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि रिंग रोड पर बैरिकेडिंग और रात में गश्त बढ़ाई जाए, क्योंकि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं।
फिलहाल पुलिस ने कार चालक की पहचान और ठिकाने का पता लगाने के लिए CCTV फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि चालक तेज रफ्तार और लापरवाही की वजह से वाहन पर नियंत्रण खो बैठा।
खबर लिखे जाने तक टिकरापारा पुलिस मौके पर नहीं पहुंची थी, लेकिन सूत्रों के अनुसार, दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए जांच टीम को घटनास्थल भेजा जा रहा है।
