रायपुर हादसा: लंच टाइम में टूटी सेंटरिंग, मलबे में दबे 12 मजदूर — 2 की हालत नाजुक!

रायपुर। राजधानी रायपुर में शनिवार को श्री शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज कैंपस में निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। सेंटरिंग का स्ट्रक्चर अचानक गिर गया, जिससे 12 मजदूर मलबे में दबकर घायल हो गए। इनमें से 2 मजदूरों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब मजदूर निर्माण स्थल पर काम के बीच नीचे बैठकर खाना खा रहे थे। इसी दौरान ऊपर लगा सेंटरिंग स्ट्रक्चर ढह गया और वे उसके नीचे दब गए। घटना के तुरंत बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। अन्य मजदूरों और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया।

सभी घायलों को तत्काल श्री शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने दो मजदूरों की स्थिति चिंताजनक बताई है, जबकि बाकी का उपचार जारी है।

यह निर्माण कार्य अभिषेक मेमोरियल मेडिकल कॉलेज के भवन के लिए चल रहा था। घटना की सूचना मिलते ही स्मृति नगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में सेंटरिंग सपोर्ट के कमजोर होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

फिलहाल घटना स्थल को सील कर दिया गया है और निर्माण कार्य को रोक दिया गया है। हादसे ने एक बार फिर निर्माण स्थलों पर सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

You missed