कानपुर देहात। शनिवार दोपहर रुरा थाना क्षेत्र के सरगांव बुजुर्ग गांव में एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। चलती हुई आटा चक्की में जोरदार धमाका (ब्लास्ट) हुआ, जिससे 15 वर्षीय छात्र मोहित की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे का भयावह लाइव वीडियो भी सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, किशोर मोहित गांव की एक चक्की पर बाजरा पिसवाने गया था। तभी अचानक मशीन के भीतर जोरदार विस्फोट हुआ। बताया जा रहा है कि ब्लास्ट के दौरान चक्की का पत्थर टूटकर मोहित के सिर में जा लगा, जिससे उसकी तुरंत मौत हो गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें धमाके के बाद लोगों में भगदड़ और अफरा-तफरी का माहौल देखा जा सकता है।
सूचना मिलते ही रुरा थाना पुलिस और तहसील प्रशासन मौके पर पहुंचा। फील्ड यूनिट ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। क्षेत्राधिकारी अकबरपुर संजय वर्मा ने बताया कि –
“आज दोपहर करीब 3:15 बजे आटा चक्की के पिल के फटने से निकले पत्थर की चपेट में आने से एक 15 वर्षीय लड़के की मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, और घटना की जांच जारी है।”
घटना के बाद गांव में शोक और दहशत का माहौल है। मृतक के परिजन रो-रोकर बेहाल हैं, वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से मुआवजा और सुरक्षा जांच की मांग की है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ब्लास्ट मशीन की तकनीकी खराबी से हुआ या लापरवाही से।
