सांसद तोखन साहू ने बिलासपुर में लगाया जनदर्शन, नागरिकों की समस्याओं का लिया संज्ञान

बिलासपुर। भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री और बिलासपुर लोकसभा सांसद तोखन साहू ने अपने संसदीय क्षेत्रीय कार्यालय में जनदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया। बड़ी संख्या में नागरिकों ने पहुंचकर व्यक्तिगत, सामाजिक और जनहित से जुड़ी समस्याएं मंत्री साहू के समक्ष रखीं।

मंत्री साहू ने सभी आवेदनों को गंभीरता से लिया और संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित और पारदर्शी निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य जनता तक सीधे पहुंचना है ताकि हर समस्या का समाधान तेजी, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ हो। उन्होंने अधिकारियों को जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त न करने का निर्देश भी दिया।

कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्रीय विकास के सुझाव साझा किए।

जनदर्शन के बाद मंत्री साहू मुंगेली जिले के पथरिया वार्ड क्रमांक 08 में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा में सम्मिलित हुए। उन्होंने कहा कि भागवत कथा प्रेम, सद्भाव और आध्यात्मिक ऊर्जा का प्रतीक है। इसके बाद उन्होंने मानस मंच लोरमी में चिन्मयानंद बापू द्वारा प्रवर्तित राम कथा में भाग लिया और इसे मर्यादा, सेवा और धर्म का संदेश देने वाला प्रेरक प्रसंग बताया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय, जनपद अध्यक्ष चित्रलेखा मनीष जांगड़ेराजेंद्र साहूरघु वैष्णव सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।