25 पारियों में जड़े 64 छक्के, तोड़ा वेस्टइंडीज के एविन लुईस का रिकॉर्ड
सिडनी। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले गए चौथे टी20 मुकाबले में भले ही युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा केवल 28 रन ही बना पाए हों, लेकिन उन्होंने अपने नाम एक ऐतिहासिक वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज कर लिया है। अभिषेक अब टी20 इंटरनेशनल में बतौर ओपनर 25 पारियों के बाद सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।
अभिषेक शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपनी पारी में एक छक्का लगाते ही इतिहास रच दिया। उनके नाम अब 25 पारियों में 64 छक्के दर्ज हो गए हैं। इस मामले में उन्होंने वेस्टइंडीज के एविन लुईस को पीछे छोड़ दिया है, जिन्होंने 25 पारियों में 60 छक्के लगाए थे।
64 – अभिषेक शर्मा (भारत)
60 – एविन लुईस (वेस्टइंडीज)
58 – कॉलिन मुनरो (न्यूजीलैंड)
54 – हज़रतुल्लाह ज़ज़ई (अफगानिस्तान)
51 – क्रिस गेल (वेस्टइंडीज)
47 – केएल राहुल (भारत)
43 – ट्रैविस हेड (ऑस्ट्रेलिया)
भारत ने चौथे टी20 में ऑस्ट्रेलिया को 48 रनों से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 167 रन बनाए। भारत की ओर से शुभमन गिल ने 46, सूर्यकुमार यादव ने 20 और अक्षर पटेल ने 11 गेंदों में नाबाद 21 रन बनाए।
जवाब में ऑस्ट्रेलिया की टीम 119 रन पर सिमट गई। भारत की ओर से वाशिंगटन सुंदर ने 3 विकेट, जबकि अक्षर पटेल ने 2 विकेट झटके। ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए अक्षर पटेल को “प्लेयर ऑफ द मैच” चुना गया।
सिर्फ कुछ महीनों में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में छा जाने वाले अभिषेक शर्मा ने यह साबित कर दिया है कि वह भारत के नए टी20 छक्का किंग हैं। उन्होंने अब तक कुल 27 टी20 पारियां खेली हैं, जिनमें से 25 बतौर ओपनर और 2 नंबर तीन पर खेली हैं। ओपनिंग में ही उन्होंने सबसे ज्यादा छक्कों की बरसात कर दुनिया भर में सुर्खियां बटोरी हैं।