सूरजपुर में अविश्वसनीय घटना…अंतिम संस्कार के 3 दिन बाद जिंदा लौटा युवक, गांव में मचा हड़कंप

सूरजपुर में अविश्वसनीय घटना — मृत समझकर दफनाया गया बेटा अचानक लौट आया, अब पुलिस के सामने नई पहेली

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में एक ऐसा चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने पूरे गांव को हैरान कर दिया है। जिस युवक को मृत मानकर परिवार ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया था, वही युवक तीन दिन बाद अचानक ज़िंदा घर लौट आया। घटना ने न केवल गांव में सनसनी फैला दी है, बल्कि पुलिस के सामने भी एक रहस्यमय सवाल खड़ा कर दिया है — “तो फिर वह शव किसका था?”

मृत घोषित किया गया युवक जिंदा लौटा

जानकारी के अनुसार, करीब पांच दिन पहले सूरजपुर के मानपुर रिंग रोड के पास एक खेत के कुएं से एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ था। उस समय स्थानीय निवासी पुरुषोत्तम कुछ दिनों से लापता था। जब परिजन मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने शव की पहचान पुरुषोत्तम के रूप में कर ली।

पुलिस ने भी परिजनों की पहचान के आधार पर कानूनी प्रक्रिया पूरी की और शव परिवार को सौंप दिया। इसके बाद शोकाकुल परिवार ने अंतिम संस्कार कर दिया। पूरे गांव में मातम का माहौल था।

तीन दिन बाद घर पहुंचा “मृत” बेटा

लेकिन जब तीसरे दिन वही पुरुषोत्तम अचानक अपने घर लौटा, तो परिजन और ग्रामीणों की आंखें फटी की फटी रह गईं। जिसे सबने हमेशा के लिए खो दिया था, वह जिंदा घर लौट आया।
गांव में मातम का माहौल तुरंत खुशी में बदल गया। लोगों को अपनी आंखों पर विश्वास नहीं हो रहा था।

पुलिस के लिए नई चुनौती — “शव आखिर किसका था?”

अब पुलिस के सामने यह बड़ा सवाल खड़ा हो गया है कि जिस शव का अंतिम संस्कार पुरुषोत्तम समझकर किया गया, वह व्यक्ति आखिर कौन था?

पुलिस ने बताया कि शव का पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिल चुका है, जिसमें मौत की वजह पानी में डूबना बताई गई है। शव की वास्तविक पहचान के लिए पुलिस ने डीएनए सैंपल, कपड़े, फिंगरप्रिंट और फोटोग्राफिक सबूत सुरक्षित रखे हैं। अब इन्हीं नमूनों के जरिए उस अज्ञात युवक की पहचान की जा रही है।

परिवार को राहत, लेकिन रहस्य बरकरार

पुरुषोत्तम के परिवार के लिए यह घटना किसी चमत्कार से कम नहीं है। एक ओर जहां परिजन अपने बेटे के लौटने से बेहद खुश हैं, वहीं पुलिस अब उस व्यक्ति के असली परिवार तक पहुंचने की कोशिश कर रही है, जिसकी लाश का अंतिम संस्कार गलत पहचान के चलते किया गया।

जांच जारी

सूरजपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारी डीएनए रिपोर्ट और अन्य प्रमाणों के आधार पर जल्द ही मृतक की पहचान उजागर करने की बात कह रहे हैं। फिलहाल गांव में यह मामला चर्चा का सबसे बड़ा विषय बन गया है।