मोबाइल यूजर्स सावधान! भारत सरकार ने जारी किया बड़ा अलर्ट, सस्ते चार्जर से हो सकता है बड़ा नुकसान

नई दिल्ली। भारत सरकार ने मोबाइल यूजर्स के लिए एक अहम चेतावनी जारी की है। सरकारी एजेंसी कंज्यूमर अफेयर्स (Jago Grahak Jago) ने अपने आधिकारिक X (Twitter) अकाउंट के माध्यम से लोगों को गलत या सस्ते चार्जर के इस्तेमाल से बचने की सलाह दी है। एजेंसी ने कहा है कि चार्जिंग करते समय अगर आप सब-स्टैंडर्ड या uncertified चार्जर का उपयोग करते हैं, तो यह आपके मोबाइल फोन के साथ-साथ आपकी जान के लिए भी खतरा साबित हो सकता है।

गलत चार्जर से खतरा बढ़ा सकता है आग या झटका लगने का जोखिम

कंज्यूमर अफेयर्स द्वारा जारी पोस्ट में कहा गया है कि कई लोग कुछ रुपये बचाने के लिए लोकल मार्केट या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से सस्ते चार्जर खरीद लेते हैं। ये चार्जर न तो किसी सुरक्षा मानक (Safety Standards) का पालन करते हैं और न ही इनमें ISI या BIS प्रमाणन होता है। ऐसे चार्जर से बैटरी फटने, मोबाइल के मदरबोर्ड के जलने या करंट लगने जैसे हादसे हो सकते हैं।

सरकार की सलाह: केवल प्रमाणित चार्जर का करें इस्तेमाल

एजेंसी ने नागरिकों को सलाह दी है कि वे हमेशा अपने मोबाइल ब्रांड के ओरिजिनल या BIS प्रमाणित चार्जर ही इस्तेमाल करें। साथ ही चार्जिंग के दौरान फोन को बिस्तर या तकिए पर न रखें, क्योंकि इससे ओवरहीटिंग और शॉर्ट-सर्किट की संभावना बढ़ जाती है।