छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव के समापन अवसर पर उपराष्ट्रपति का दौरा
उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन आज नवा रायपुर में देखेंगे भारतीय वायुसेना का एयर शो
रायपुर। देश के उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन आज छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक दिवसीय प्रवास पर हैं। उनके आगमन पर कल रात स्वामी विवेकानंद विमानतल पर राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, वन मंत्री केदार कश्यप, विधायक किरण सिंह देव सहित अन्य जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
नवा रायपुर में देखेंगे सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम का शानदार प्रदर्शन
उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन आज नवा रायपुर स्थित सेंध झील में भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम द्वारा आयोजित रोमांचक एयर शो का अवलोकन करेंगे। इस शो में वायुसेना के पायलट आकाश में अद्भुत कौशल और साहस का प्रदर्शन करेंगे, जिसे देखने के लिए आम नागरिकों में भी उत्साह है।
राजनांदगांव और रजत महोत्सव में भी होंगे शामिल
एयर शो के बाद उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन राजनांदगांव के लखपति दीदी सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जहां वे महिलाओं के सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं पर संबोधित करेंगे।
इसके पश्चात वे नवा रायपुर में आयोजित छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव के समापन समारोह में भाग लेकर अपने प्रवास का समापन करेंगे।
छत्तीसगढ़ सरकार ने उपराष्ट्रपति के इस दौरे को राज्य के लिए गौरव का अवसर बताया है।
