छत्तीसगढ़ में ठंड की दस्तक..सबसे ज्यादा ठंड अंबिकापुर में, आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट के आसार..

रायपुर। नवंबर की शुरुआत के साथ ही छत्तीसगढ़ में ठंड ने दस्तक दे दी है। वातावरण में मौजूद नमी घटने के कारण रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले तीन दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में ठंड और बढ़ सकती है।

पिछले चौबीस घंटे में रायपुर का न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। वहीं प्रदेश में सबसे ज्यादा ठंड अंबिकापुर में पड़ी, जहां रात का तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दूसरी ओर, सबसे अधिक तापमान जगदलपुर में 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

अगले तीन दिनों तक रहेगा शुष्क मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है। इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है, जबकि दक्षिण छत्तीसगढ़ में भी अगले तीन दिनों तक बारिश के कोई संकेत नहीं हैं।

राजधानी रायपुर में साफ रहेगा आसमान

राजधानी रायपुर में आज आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा। दिन का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई गई है।

दिन में हल्की धूप अब भी चुभन दे रही है, मगर रात में ठंडक का असर महसूस होने लगा है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अब आने वाले दिनों में सर्दी धीरे-धीरे अपने पूरे असर में आने लगेगी।