वित्त अधिकारी के घर बड़ी चोरी: नकद और जेवरात मिलाकर 5 लाख की संपत्ति पार
इलाज के लिए परिवार गया था नया रायपुर, सूने घर को बनाया निशाना
रायगढ़। जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र में एक सूने घर में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने राज्य संपरीक्षा वित्त विभाग के सहायक संचालक के घर में धावा बोलते हुए करीब 4 लाख 90 हजार रुपए नकद और जेवरात चोरी कर लिए। चोरी की यह घटना ग्राम मुड़ागांव की है, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
पीड़ित सुमित साहू (28 वर्ष) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि वे छत्तीसगढ़ राज्य संपरीक्षा वित्त विभाग, इंद्रवती भवन नया रायपुर में सहायक संचालक के पद पर कार्यरत हैं। शनिवार को वे अपनी मां दुर्गावती साहू और पिता विनोद कुमार साहू के साथ इलाज के लिए नया रायपुर गए हुए थे।
इसी दौरान रविवार की देर रात अज्ञात चोरों ने उनके घर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। सोमवार की सुबह पड़ोस में रहने वाली पुष्पा बारिक ने फोन पर सूचना दी कि उनके घर के पीछे का दरवाजा टूटा हुआ है।
घर पहुंचने पर सुमित साहू और उनके परिवार ने देखा कि मुख्य कमरे का ताला टूटा हुआ था, और अलमारी का लॉक भी तोड़ा गया था। जांच में पाया गया कि चोरों ने अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषणों और ₹1.5 लाख नकद सहित कुल ₹4.90 लाख की संपत्ति चोरी कर ली है।
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस आस-पास के इलाकों में CCTV फुटेज खंगालने और संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है।
अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
