घरघोड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: लूट के दो आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल

घरघोड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: लूट के दो आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल
3200 रुपए की लूट के मामले का खुलासा, आरोपियों से बरामद हुई रकम

रायगढ़। घरघोड़ा पुलिस ने सड़क किनारे लूटपाट की वारदात को सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। दोनों आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम का एक हिस्सा बरामद किया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, 3 नवंबर 2025 को ग्राम कोगनारा निवासी दिलीप राठिया (31 वर्ष) ने थाना घरघोड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी ने बताया कि 2 नवंबर की रात करीब 8 बजे वह अपने भतीजे भानु राठिया के साथ रोजी-मजदूरी कर मोटरसाइकिल (क्रमांक CG-13-BE-3078) से घर लौट रहा था। इसी दौरान दर्रीडीपा खान दुकान के पास नेगीपारा निवासी देवकुमार पैंकरा और हरेन्द्र पैंकरा ने रास्ता रोक लिया।

मोटरसाइकिल रुकने पर दोनों ने प्रार्थी की शर्ट की जेब से ₹3,200 नकद लूट लिए और फरार हो गए। घटना की शिकायत पर थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 290/2025 धारा 126(2), 304(2), 3(5) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों की तलाश शुरू की। संदेह के आधार पर टीम ने देवकुमार पैंकरा (20 वर्ष) और हरेन्द्र पैंकरा (20 वर्ष), दोनों निवासी वार्ड क्रमांक 12 नेगीपारा, घरघोड़ा को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार किया।

आरोपी देवकुमार पैंकरा से ₹1,400 की लूटी गई रकम बरामद की गई। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।