महासमुंद। जिले के सरायपाली थाना क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जहां एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार तीन भाइयों को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण टक्कर में दो सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ममेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान 32 वर्षीय जयराम नागवंशी और 16 वर्षीय ओम प्रकाश नागवंशी के रूप में हुई है, जबकि घायल युवक लिंगूराज नागवंशी (16 वर्ष) है। तीनों रायगढ़ और जशपुर जिले के निवासी बताए जा रहे हैं और एक पारिवारिक गमी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।
परसदा के पास हुआ हादसा
मंगलवार को तीनों युवक बाइक से लोहांडीगुड़ा, जगदलपुर से रायगढ़ की ओर जा रहे थे। रास्ते में परसदा गांव के पास एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दो भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल लिंगूराज को इलाज के लिए सरायपाली अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे रायपुर रेफर कर दिया गया।
फरार है कार चालक
हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। इस हादसे से परिजनों में शोक का माहौल है।
