कलेक्टर के आदेश की अनदेखी भारी पड़ी
पटवारी पप्पू सोनी निलंबित, विभागीय जांच के आदेश
बलरामपुर। कलेक्टर के आदेश की अवहेलना करने पर बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के एक पटवारी पर गाज गिरी है। आदेशों का पालन न करने और नई पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण न करने के मामले में प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए पटवारी पप्पू सोनी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, राजपुर तहसील में पदस्थ पप्पू सोनी का लगभग एक माह पूर्व सामरी क्षेत्र में स्थानांतरण किया गया था। कलेक्टर के आदेश में स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि वे निर्धारित समय में नई जगह पर जॉइनिंग करें, लेकिन उन्होंने आदेश की अनदेखी की और अब तक नए पद पर कार्यभार ग्रहण नहीं किया। लगातार अनुपस्थित रहने से प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे थे।
कलेक्टर ने बताया कि बार-बार चेतावनी और निर्देश देने के बावजूद पप्पू सोनी ने कार्य में लापरवाही और अनुशासनहीनता दिखाई। इसे गंभीर मामला मानते हुए उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखना आवश्यक है, और ऐसे लापरवाह कर्मचारियों पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।
बताया गया कि पप्पू सोनी लंबे समय से राजपुर तहसील में कार्यरत थे और उनके कार्यकाल के दौरान कुछ शिकायतें भी प्राप्त हुई थीं। शिकायतों की जांच के बाद ही उनका तबादला किया गया था। कलेक्टर ने कहा कि सरकारी सेवाओं में अनुशासन सर्वोपरि है, और आदेशों की अवहेलना किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निलंबन के बाद प्रशासन ने पटवारी के खिलाफ विभागीय जांच की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
