ऑपरेशन निश्चय की बड़ी सफलता, गांजा तस्करी में हिस्ट्रीशीटर समेत 4 आरोपी गिरफ्तार

ऑपरेशन निश्चय की बड़ी सफलता, गांजा तस्करी में हिस्ट्रीशीटर समेत 4 आरोपी गिरफ्तार
— ACCU और टिकरापारा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, ₹3.80 लाख का गांजा जब्त

रायपुर। राजधानी पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन निश्चय” के तहत एक और बड़ी सफलता हासिल की है। रायपुर की एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) और थाना टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 23.014 किलोग्राम गांजा और एक बुलेट मोटरसाइकिल जब्त की गई है। जब्त कुल सामग्री की कीमत लगभग ₹3.80 लाख आंकी गई है। इस कार्रवाई को आईजी रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा और एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया।


ऐसे शुरू हुई कार्रवाई

दिनांक 5 नवंबर 2025 को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली कि टिकरापारा थाना क्षेत्र के कमल विहार सेक्टर-5 स्थित शिव मंदिर के पास दो युवक बुलेट मोटरसाइकिल से गांजा लेकर बिक्री की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (पश्चिम) डी.आर. पोर्ते, एएसपी (क्राइम) संदीप मित्तल, डीएसपी (क्राइम) संजय सिंह और सीएसपी पुरानी बस्ती राजेश देवांगन के निर्देश पर टीम गठित की गई।

टीम ने मौके पर पहुंचकर मुखबिर द्वारा बताए हुलिए के आधार पर दोनों संदिग्धों को पकड़ा, जिन्होंने अपना नाम प्रतीक शर्मा और मोहम्मद शमीम बताया। तलाशी में उनके बैग से बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।


मुख्य सरगना तक पहुंची पुलिस

पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि उन्हें यह गांजा शेख सारूख उर्फ शाहरूख (गंज थाना क्षेत्र) और पलक नागवानी उर्फ मिस बच्ची (मुकूट नगर) से मिला था। पुलिस ने दोनों मुख्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर छिपाया गया गांजा भी बरामद किया गया। इस तरह कुल 23.014 किलोग्राम गांजा, लगभग ₹2.30 लाख मूल्य का मादक पदार्थ, और ₹1.50 लाख की बुलेट मोटरसाइकिल (CG 04 PS 1654) जब्त की गई।


अपराध और आरोप

सभी आरोपियों के खिलाफ थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 900/25 के तहत धारा 20(बी), 20(सी), 29 NDPS एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। जांच से पता चला कि शेख सारूख उर्फ शाहरूख थाना गंज का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर है, जिस पर लूट, आर्म्स एक्ट, आबकारी एक्ट और अन्य अपराधों के करीब एक दर्जन मामले दर्ज हैं। वहीं, पलक नागवानी उर्फ मिस बच्ची भी पूर्व में हत्या और नारकोटिक एक्ट के मामलों में जेल जा चुकी है।


गिरफ्तार आरोपी

  1. प्रतीक शर्मा, पिता राकेश शर्मा (22 वर्ष), निवासी संतोषी नगर, थाना खमतराई, रायपुर।

  2. मोहम्मद शमीम, पिता अब्दुल अजीज शेख (43 वर्ष), निवासी गिरगांव, मुंबई (महाराष्ट्र)।

  3. शेख सारूख उर्फ शाहरूख, निवासी गंज थाना क्षेत्र, रायपुर।

  4. पलक नागवानी उर्फ मिस बच्ची, निवासी मुकूट नगर, रायपुर।


पुलिस का बयान

रायपुर पुलिस ने बताया कि “ऑपरेशन निश्चय” के तहत यह कार्रवाई राज्य में बढ़ती मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है। पुलिस का उद्देश्य नशे के नेटवर्क को जड़ से समाप्त करना है। अधिकारियों ने कहा कि रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में ड्रग्स तस्करी के खिलाफ इसी तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।