राज्योत्सव की रजत जयंती में पीएम मोदी होंगे मुख्य अतिथि! रायपुर में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम, 5 ADG और 2000 जवान तैनात
25वें राज्योत्सव के शुभारंभ के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 1 नवंबर को रहेंगे रायपुर में — एयरपोर्ट से लेकर नवा रायपुर तक चप्पे-चप्पे पर पुलिस की पैनी नज़र
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य के 25वें राज्योत्सव के अवसर पर राजधानी रायपुर में सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस बार रजत जयंती समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उनके आगमन को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने राजधानी से लेकर नया रायपुर तक सुरक्षा के लिए चौक-चौबंद व्यवस्था की है।
राज्य सरकार और सुरक्षा एजेंसियों की संयुक्त तैयारी के तहत एडीजी दीपांशु काबरा को पूरे सुरक्षा संचालन का प्रभारी बनाया गया है। पीएम की सुरक्षा में 5 एडीजी, 12 डीआईजी और 2000 से अधिक जवानों को तैनात किया गया है। इसके अलावा एसपीजी के आईजी और करीब 70 कमांडो पहले ही रायपुर पहुँच चुके हैं।
राजधानी रायपुर से लेकर नवा रायपुर तक सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस ने कई अहम कदम उठाए हैं। एक नवंबर को सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक भारी वाहनों की नो-एंट्री रहेगी। आम नागरिकों की सुविधा के लिए रूट डायवर्जन और 16 पार्किंग जोन बनाए गए हैं, जहाँ से लोगों को 100 ई-रिक्शों के ज़रिए समारोह स्थल तक पहुँचाया जाएगा।
इस वर्ष का राज्योत्सव इसलिए भी विशेष है क्योंकि 1 नवंबर 2025 को छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं। रजत जयंती के अवसर पर नया रायपुर में समारोह को बेहद भव्य और ऐतिहासिक स्वरूप दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी इस अवसर पर राज्योत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे और कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण भी करेंगे।
पीएम मोदी का रायपुर प्रवास कार्यक्रम:
-
सुबह 9:40 बजे — रायपुर पहुँचेंगे (विशेष विमान से)
-
10:00 से 10:30 बजे — सत्य साईं संजीवनी अस्पताल में बच्चों से “दिल की बात”
-
10:45 से 11:30 बजे — ब्रह्मकुमारी के शांति शिखर भवन का शुभारंभ
-
11:45 से 1:15 बजे — नई विधानसभा भवन का उद्घाटन
-
1:30 से 2:15 बजे — जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के म्यूजियम का लोकार्पण
-
2:30 से 4:00 बजे — राज्योत्सव का शुभारंभ एवं मुख्य समारोह में शामिल
-
4:30 बजे — रायपुर एयरपोर्ट से दिल्ली रवाना
राजधानी में 5 हजार से अधिक पुलिसकर्मी, 20 आईपीएस अधिकारी, 100 एडिशनल एसपी और डीएसपी रैंक के अफसर सुरक्षा में तैनात रहेंगे। एडीजी रैंक के अधिकारी खुद नया रायपुर की सुरक्षा मॉनिटरिंग करेंगे। भीड़ में नियंत्रण और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सिविल ड्रेस में भी जवान तैनात किए जाएंगे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उम्मेद सिंह ने बताया कि शहर को विभिन्न सेक्टरों में बाँटकर अफसरों की ड्यूटी लगाई गई है। प्रदेश के अलग-अलग जिलों से भी पुलिस बल बुलाया गया है ताकि प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो सके।
