बिलासपुर: शिक्षकों की कामचोरी का वीडियो वायरल, मोबाइल में व्यस्त रहते हैं दिनभर
बिलासपुर: मस्तूरी जनपद पंचायत के ग्राम बेलटुकरी स्थित एक सरकारी प्राइमरी स्कूल में दो शिक्षकों की लापरवाही का वीडियो वायरल हुआ है। इस मामले में शिक्षकों दिलीप तिग्गा और सुभद्रा साहू पर आरोप है कि वे पढ़ाई कराने के बजाय अधिकतर समय मोबाइल पर नेटवर्क मार्केटिंग के काम में व्यस्त रहते हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों शिक्षक कार्यालय कक्ष में मोबाइल चलाते हैं और नेटवर्क मार्केटिंग से संबंधित गतिविधियों में समय बिताते हैं। इस कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
पालकों और अन्य कर्मचारियों ने कई बार विकासखंड शिक्षा अधिकारी को शिकायत की, लेकिन अब तक शिक्षकों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रधान पाठक गणेशराम मिरी के संरक्षण के कारण कार्रवाई नहीं हो पा रही है।
पालकों ने यह भी बताया कि शिक्षक नेटवर्क मार्केटिंग सेमिनारों और निजी कामों के लिए स्कूल टाइमिंग में अक्सर गैरमौजूद रहते हैं, जिससे बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है।
