बलौदाबाजार: वन विभाग ने कुंए में गिरे तीन हाथियों का सफल रेस्क्यू

बलौदाबाजार: हरदी ग्राम में ग्रामीण टिकनेश्वर ध्रुव के खेत में तीन हाथी – एक मादा, उसका बच्चा और एक नर जुवेनाइल – फिसलकर कुंए में गिर गए। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और तत्काल और समन्वित कार्रवाई करते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

वन विभाग ने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए रैंप तैयार किया और तीनों हाथियों को सावधानीपूर्वक निकाला। रेस्क्यू के बाद हाथियों को निकटस्थ वन क्षेत्र में छोड़ दिया गया, जहां वे अपने समूह से पुनः मिल गए। विभागीय अधिकारियों ने पुष्टि की कि सभी हाथी स्वस्थ और सुरक्षित हैं।

इस अवसर पर मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) स्तोविषा समझदार घटनास्थल पर मौजूद रहीं और रेस्क्यू की पूरी प्रक्रिया का निरीक्षण किया। उन्होंने टीम की त्वरित कार्रवाई और उत्कृष्ट समन्वय की सराहना की।

रेस्क्यू ऑपरेशन का नेतृत्व अधीक्षक बारनवापारा वन्यजीव अभ्यारण्य कृषानू चन्द्राकर ने किया, जबकि वनमण्डलाधिकारी धम्मशील गणवीर की उपस्थिति एवं मार्गदर्शन में यह सफल रहा। उन्होंने कहा, “वन विभाग का दायित्व केवल वन्यजीवों की रक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक जीवन को सुरक्षित बचाना हमारी प्राथमिकता है।”

वन विभाग, बलौदाबाजार ने यह भी बताया कि भविष्य में ऐसी आपात स्थितियों से निपटने के लिए त्वरित रेस्क्यू रेस्पॉन्स प्रणाली और स्थानीय समुदायों के साथ समन्वय को लगातार मजबूत किया जा रहा है।