तीजन बाई की तबीयत बिगड़ी, रायपुर एम्स में भर्ती
पंडवानी गायिका और पद्मभूषण तीजन बाई के स्वास्थ्य पर चिंता, पीएम मोदी ने हाल ही में की थी बातचीत
रायपुर। प्रसिद्ध पंडवानी गायिका और पद्मभूषण तीजन बाई की आज अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें दोपहर के समय रायपुर एम्स में भर्ती कराया गया। उनके साथ डा. शिखर अग्रवाल और अस्पताल स्टाफ भी मौजूद हैं। जानकारी के अनुसार, तीन दिन पहले ही पीएम नरेंद्र मोदी ने रायपुर आगमन पर तीजन बाई से फोन पर चर्चा की थी।
तीजन बाई ने पंडवानी लोककला को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है। वे विशेष रूप से दुर्योधन वध और द्रौपदी के प्रसंग पर अपने पॉवरफुल प्रदर्शन के लिए प्रसिद्ध हैं। उनकी लोकप्रियता छत्तीसगढ़ के साथ-साथ अन्य राज्यों और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी है। 1980 में वे सांस्कृतिक राजदूत के रूप में इंग्लैंड, फ्रांस, स्विट्ज़रलैंड, जर्मनी, टर्की, माल्टा, साइप्रस, रोमानिया और मॉरीशस की यात्रा कर चुकी हैं।
तीजन बाई को मिले प्रमुख सम्मान:
-
1988 – पद्मश्री
-
1995 – संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार
-
2003 – कला के क्षेत्र में पद्म भूषण
-
2007 – नृत्य शिरोमणि
-
2017 – खैरागढ़ संगीत विश्वविद्यालय से डी लिट
-
2019 – पद्म विभूषण
-
इसके अलावा उन्हें जापान में फुकोका पुरस्कार और अब तक 4 डी.लिट सम्मान प्राप्त हैं।
तीजन बाई की अचानक तबीयत बिगड़ने से कला प्रेमियों और नागरिकों में चिंता की लहर है। उनके स्वास्थ्य लाभ और शीघ्र ठीक होने की कामना की जा रही है।
