धान खरीदी खरीफ वर्ष 2025-26: समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की समीक्षा बैठक

धान खरीदी खरीफ वर्ष 2025-26: समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की समीक्षा बैठक
कलेक्टर कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में तैयारी और निगरानी के दिशा-निर्देश दिए गए

दंतेवाड़ा। धान खरीदी खरीफ वर्ष 2025-26 के लिए राज्य शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार आगामी 15 नवंबर से धान खरीदी प्रारंभ की जाएगी। इस संबंध में आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में धान उपार्जन केंद्रों के नोडल अधिकारी, उड़नदस्ता दल, तहसीलदार तथा खाद्य विभाग और मंडी सहकारिता विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में समर्थन मूल्य पर धान विक्रय हेतु किसानों का पंजीकरण, बारदाना व्यवस्था, पीडीएस बारदानों का एकत्रीकरण, मिलर्स के पास उपलब्ध पुराने बारदानों का सत्यापन, उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी की तैयारियों, कांटा-बॉट का सत्यापन, एफ.ए.क्यू. मापदंड के अनुसार धान खरीदी, धान उप किस्मों की पृथक स्टैकिंग, पुराने धान की पहचान और उपयोग रोकने, संवेदनशील खरीदी केंद्रों का चिन्हांकन, कस्टम मिलर्स की निगरानी, अवैध धान खपत पर रोक और समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के प्रचार-प्रसार जैसे विषयों पर चर्चा की गई।

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी केंद्रों में कंप्यूटर, प्रिंटर, यूपीएस, इंटरनेट, बायोमेट्रिक और मॉइश्चर मीटर की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। धान खरीदी केवल इलेक्ट्रॉनिक तराजू से की जाए और भंडारण की सुरक्षा के लिए डबल डेनेज का पालन किया जाए। साथ ही किसानों के लिए छायादार बैठक व्यवस्था, पेयजल और प्राथमिक चिकित्सा की सुविधा भी सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि धान के अवैध परिवहन को रोकने के लिए राजस्व और खाद्य टीम सतर्क रहेंगी। स्थानीय फुटकर एवं थोक व्यापारियों के गोदामों का भौतिक सत्यापन भी निरंतर किया जाएगा।

जिले में धान खरीदी के लिए 15 केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें से 7 संवेदनशील केंद्र चिन्हांकित हैं। कलेक्टर ने इन केंद्रों का निरंतर निरीक्षण और पर्यवेक्षण करने के भी निर्देश दिए हैं।

यह बैठक धान खरीदी की पारदर्शिता, गुणवत्ता और किसानों के हित को सुनिश्चित करने के लिए आयोजित की गई थी, ताकि खरीफ 2025-26 का उपार्जन सुचारू रूप से और समय पर पूरा किया जा सके।