कांग्रेस नेता पर कसा कानून का शिकंजा, अकबर खान गिरफ्तार

बिलासपुर: राजनीतिक वर्चस्व और जमीन के विवाद को लेकर कांग्रेस नेता की हत्या की साजिश में कांग्रेस नेता अकबर खान को गिरफ्तार कर लिया गया है। हत्या कराने के लिए कांग्रेस नेता तारकेश्वर पाटले और नागेंद्र राय ने सुपारी दी थी। पुलिस दोनों की तलाश कर रही है।

मामला मस्तूरी जनपद उपाध्यक्ष नीतेश सिंह के कार्यालय में बीते मंगलवार शाम का है। नकाबपोश शूटरों ने अचानक फायरिंग की, जिसमें मुड़पार के पूर्व सरपंच चंद्रकांत सिंह और उनके रिश्तेदार राजकुमार सिंह घायल हो गए। नीतेश ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से रिटर्न फायर किया, जिससे शूटर मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सभी शूटर और मास्टर माइंड विश्वजीत अनंत को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि विश्वजीत ने पूर्व में अकबर खान के साथ मीटिंग की थी। जांच में यह भी सामने आया कि अकबर खान मस्तूरी क्षेत्र में जमीन के कारोबार में सक्रिय था।

एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों और कांग्रेस नेता तारकेश्वर पाटले तथा नागेंद्र राय के बीच करीबी संबंध रहे हैं। विश्वजीत अनंत को तारकेश्वर पाटले ने शूटर्स को देने के लिए एक लाख रुपए दिए थे। वहीं, नागेंद्र राय भी हत्या की योजना में शामिल था।

पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर पांच पिस्टल बरामद की हैं, जिन्हें आरोपियों ने हाईवे के आसपास छिपाया था। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इतने हथियार और कारतूस कहां से आए, संभावना है कि उत्तर प्रदेश के मवेशी तस्करों के जरिए हथियार मंगवाए गए हों।