पुणे से दबोचा गया दरिंदा! नाबालिग के साथ दुष्कर्म कर वायरल की थीं अश्लील तस्वीरें — मुंगेली पुलिस की बड़ी कार्रवाई
आईटी एक्ट और पॉक्सो के तहत आरोपी गिरफ्तार, सोशल मीडिया पर तस्वीरें पोस्ट करने के बाद तकनीकी साक्ष्यों से मिला सुराग
मुंगेली। जिले में नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म करने और उसकी अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने वाले आरोपी को पुलिस ने महाराष्ट्र के पुणे से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान 22 वर्षीय आशीष वर्मा, निवासी नवागांव (चीनू), थाना सिटी कोतवाली के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
मुंगेली पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में इस पूरे प्रकरण में त्वरित कार्रवाई की गई। आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट की धारा 67(B), बीएनएस की धाराएं 79, 64(च)(झ)(ड) तथा पॉक्सो एक्ट की धाराएं 4 एवं 6 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
घटना की शुरुआत 25 सितंबर 2025 को हुई, जब पीड़िता की मां ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि आरोपी ने उसकी नाबालिग बेटी की अश्लील तस्वीरें अपने इंस्टाग्राम आईडी से वायरल की हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने तत्काल जांच के आदेश दिए।
महिला पुलिस अधिकारी की मौजूदगी में पीड़िता का बयान दर्ज किया गया और जिला अस्पताल मुंगेली में चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। बयान और रिपोर्ट में यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया था और उसके बाद तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दी थीं।
तकनीकी साक्ष्य और मुखबिरों की मदद से पुलिस को आरोपी का लोकेशन पुणे (महाराष्ट्र) में मिला। इसके बाद टीम ने वहां दबिश दी और आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर 28 अक्टूबर को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
