महत्वपूर्ण बैठक से गायब दो जिला शिक्षा अधिकारियों को नोटिस, तीन दिन में जवाब देने के दिए निर्देश
राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण ने बैठक में अनुपस्थिति पर कारण बताओ नोटिस जारी किया, अनुशासनात्मक कार्रवाई की संभावना
रायपुर/कोरबा। राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण की महत्वपूर्ण बैठक से अनुपस्थित रहने पर दो जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। अधिकारियों ने बिना किसी सूचना के बैठक में हिस्सा नहीं लिया था।
संचालक ने नोटिस में बताया कि 15 अक्टूबर 2025 को आयोजित ‘उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम’ की समीक्षा बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी और सदस्य सचिव जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण, जिला कोरबा और सक्ती को उपस्थित होना था। यह बैठक 7 दिसंबर 2025 को होने वाली राष्ट्रव्यापी बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान मूल्यांकन परीक्षा (FLNAT) की तैयारी की समीक्षा के लिए बुलाई गई थी।
संचालक ने नोटिस में लिखा कि अधिकारियों की अनुपस्थिति से बैठक के उद्देश्यों पर असर पड़ा। अब दोनों अधिकारियों को तीन दिन के भीतर जवाब देने के निर्देश दिए गए हैं। यदि जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया, तो उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
