भिलाई में पुलिस पर हमला करने वाले 5 शराबबाज गिरफ्तार, डायल-112 की गाड़ी की चाबी भी छीनी

भिलाई में पुलिस पर हमला करने वाले 5 शराबबाज गिरफ्तार, डायल-112 की गाड़ी की चाबी भी छीनी

बीच सड़क शराब पार्टी के दौरान बदमाशों ने पुलिसकर्मियों से की मारपीट, कोर्ट ने भेजा सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल

भिलाई। दुर्ग जिले के जामुल थाना क्षेत्र में गुरुवार की देर रात बीच सड़क शराब पार्टी कर रहे पांच युवकों ने डायल-112 की पुलिस टीम पर हमला किया और वाहन की चाबी भी छीन ली। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

जानकारी के अनुसार, 23 अक्टूबर की रात पेट्रोलिंग टीम रावण भाठा क्षेत्र में झगड़े की सूचना पर गई थी। लौटते समय शिवपुरी मोड़ के पास टीम ने एक कार देखी, जिसमें युवकों ने तेज आवाज में गाने बजाकर शराब पी रहे थे। पुलिस ने जब उन्हें समझाया तो वे भड़क गए और गाली-गलौज करने लगे।

थाना प्रभारी रामेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपियों में अतुल वर्मा (34), भरत यादव (60), लुधेश्वर यादव (40), मनीष गुप्ता (28) और चंद्रकुमार बर्मन (34) शामिल थे। इनमें से कुछ पर पहले भी पुलिस द्वारा कार्रवाई की गई थी, जिससे वे पहले से ही पुलिस से चिढ़े हुए थे। इस खुन्नस के चलते उन्होंने पुलिस पर हमला कर दिया।

अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों ने आरक्षक चालक को धक्का-मुक्की की और डायल-112 टीम से अभद्र व्यवहार किया। इस मामले में आरक्षक चालक की रिपोर्ट पर सभी के खिलाफ बीएनएस की धारा 132, 221, 296, 324(4), 351(3), 115(2), 191(2) के तहत मामला दर्ज किया गया।

24 अक्टूबर को आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।

👉 पुलिस ने बताया कि शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसे मामलों में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।