मछली पालन समिति के सदस्य की दर्दनाक मौत — बुका डैम में काम के दौरान गहराई में समाया युवक, 24 घंटे बाद मिला शव
रस्सी के सहारे लौटते वक्त फिसला कदम, दोस्तों ने बचाने की कोशिश की पर असफल रहे — रतनपुर निवासी आशीष मरावी की मौत से गांव में मातम
कोरबा। जिले से एक दुखद घटना सामने आई है। बुका पिकनिक स्पॉट पर मछली पालन के कार्य में लगे एक युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान रतनपुर के मेलनाडीह खुंटाघाट निवासी 24 वर्षीय आशीष मरावी के रूप में हुई है। वह महिला समिति द्वारा संचालित मछली पालन इकाई में कार्यरत था और बुका के कॉटेज हाउस में रहकर काम करता था।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह आशीष अपने दो साथियों के साथ बुका डैम में फाउटिंग हाउस पर काम करने गया था। काम पूरा होने के बाद तीनों रस्सी के सहारे वापस लौट रहे थे, तभी अचानक आशीष की तबीयत बिगड़ गई और वह गहरे पानी में गिर गया। उसके दो साथियों ने उसे बचाने के लिए तुरंत पानी में छलांग लगाई, लेकिन वे उसे नहीं बचा सके।
घटना की सूचना मिलते ही बांगो थाना पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद 24 घंटे बाद आशीष का शव करीब 20 फीट गहराई से बरामद किया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
आशीष की मौत से रतनपुर और बुका क्षेत्र में शोक की लहर है। ग्रामीणों का कहना है कि आशीष मेहनती और मिलनसार युवक था। उसके अचानक यूं चले जाने से सभी स्तब्ध हैं।
