राज्योत्सव पर पेंशनरों और कर्मचारियों के लिए खुशखबरी की उम्मीद — 3% डीए-डीआर एरियर सहित जारी करने की मांग तेज

राज्योत्सव पर पेंशनरों और कर्मचारियों के लिए खुशखबरी की उम्मीद — 3% डीए-डीआर एरियर सहित जारी करने की मांग तेज

भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से की अपील, कहा— राज्योत्सव पर पूरी हो “मोदी की गारंटी”, मिले केंद्र के समान 58% डीए-डीआर का लाभ

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पेंशनरों और कर्मचारियों ने राज्योत्सव के अवसर पर सरकार से बड़ी राहत की उम्मीद जताई है। भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ छत्तीसगढ़ प्रदेश के प्रांताध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से आग्रह किया है कि छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस (1 नवंबर) के मौके पर केंद्र के समान जुलाई 2025 से लंबित 3% डीए-डीआर एरियर सहित जारी कर कुल 58% प्रतिशत महंगाई भत्ता व राहत का आदेश जारी किया जाए।

नामदेव ने कहा कि राज्योत्सव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आगमन पर “मोदी की गारंटी” को पूरा करते हुए पेंशनरों और कर्मचारियों को यह तोहफा दिया जाना चाहिए। जारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि राज्य के पेंशनर्स व कर्मचारी लंबे समय से डीए-डीआर बढ़ोतरी के आदेश की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

महासंघ ने कहा कि भाजपा शासित गुजरात, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड और बिहार में पहले ही 58% डीए-डीआर का लाभ एरियर सहित दिया जा चुका है, लेकिन छत्तीसगढ़ में आदेश जारी करने में देरी की जा रही है, जिससे कर्मचारियों और पेंशनरों में असंतोष बढ़ता जा रहा है।

संघ की ओर से जारी संयुक्त विज्ञप्ति में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भूपेन्द्र कुमार वर्मा (दुर्ग), महिला प्रकोष्ठ प्रमुख द्रौपदी यादव (पत्थलगांव, जशपुर), राष्ट्रीय मंत्री रामनारायण ताटी (जगदलपुर), प्रांताध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव, कार्यकारी प्रांताध्यक्ष जे.पी. मिश्रा, महामंत्री अनिल गोल्हानी, प्रदेश संगठन मंत्री टी.पी. सिंह, कोषाध्यक्ष बी.एस. दसमेर सहित विभिन्न जिलों के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से 58% डीए-डीआर एरियर सहित तत्काल स्वीकृति की मांग की है।

महासंघ ने कहा है कि राज्य सरकार यदि राज्योत्सव पर यह घोषणा करती है, तो यह न केवल कर्मचारियों और पेंशनरों को राहत देगा, बल्कि “मोदी की गारंटी” पर जनता का भरोसा भी और मजबूत करेगा।