बिलासपुर में हाई-प्रोफाइल जुआ फड़ पर पुलिस का छापा! भाजपा-कांग्रेस नेता समेत 14 गिरफ्तार, 2 लाख से अधिक कैश बरामद
होटल जीनस पैलेस में चल रहा था जुए का अड्डा, राजनीतिक गलियारों में मचा हड़कंप — जमानत पर सभी रिहा
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में शनिवार देर रात पुलिस ने एक हाई-प्रोफाइल जुआ फड़ पर बड़ी कार्रवाई की है। महाराणा प्रताप चौक स्थित होटल जीनस पैलेस में जुआ खेलते हुए 14 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इस कार्रवाई से शहर के राजनीतिक और कारोबारी गलियारों में हड़कंप मच गया है, क्योंकि पकड़े गए लोगों में भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों के नेता समेत प्रतिष्ठित व्यवसायी भी शामिल हैं।
पुलिस ने मौके से ₹2,17,000 नगद, 52 पत्तियों का ताश सेट और एक बेडशीट जब्त किया है। सभी 14 आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर थाना लाया गया, जिसके बाद उन्हें जमानत मुचलका भरकर रिहा कर दिया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में भाजपा के जिलाध्यक्ष संतोष कौशिक, तखतपुर भाजपा मंडल अध्यक्ष नैन साहू, भाजपा पार्षद कैलाश देवांगन, कांग्रेस पार्षद मुन्ना श्रीवास, पूर्व पार्षद नरेंद्र रात्रे, तखतपुर विधायक धरमजीत सिंह के भतीजे विशाल सिंह सहित कई चर्चित नाम शामिल हैं। इनके अलावा सरपंच एवं पूर्व मंडल अध्यक्ष गनियारी के पुत्र बल्लू पटेल, व्यवसायी प्रशांत मूर्ति, जाकीर खान, पवन पाण्डेय, बऊवा देवांगन, क्रेगी मार्टीन, देवांश डोरा और विवेक मिश्रा के नाम भी सूची में हैं।
पुलिस ने सभी के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया है। वहीं, यह मामला सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की गतिविधियाँ लंबे समय से शहर में चल रही थीं, लेकिन पहली बार इतनी बड़ी कार्रवाई सामने आई है।
पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इस होटल में कब से जुआ खेला जा रहा था और इसमें कौन-कौन शामिल था।
