आरक्षक पर फाइनेंस ट्रक कब्जाने का आरोप, वाहन अवैध रूप से चलाने की शिकायत दर्ज
वाहन अब भी रजिस्ट्री में आवेदक के नाम, बिना टैक्स-बीमा के संचालन का आरोप
लखनपुर। वन विभाग कार्यालय के सामने मेन रोड निवासी राकेश अग्रवाल (49 वर्ष, पिता सुरेश कुमार अग्रवाल) ने पुलिस महानिरीक्षक को एक लिखित आवेदन देकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उनके नाम पर पंजीकृत भारत बेन्ज 14 चक्का ट्रक (क्रमांक CG 15 DE 3472) को कुछ लोगों ने अवैध रूप से अपने कब्जे में लेकर गैरकानूनी तरीके से चला रहे हैं।
आवेदक ने बताया कि उन्होंने उक्त वाहन को श्रीराम फाइनेंस कंपनी, लखनपुर से फाइनेंस पर खरीदा था। लेकिन कंपनी के ब्रांच मैनेजर अवधेश भदौरिया ने ट्रक को जब्त कर श्रीराम ऑटोमॉल इंडिया लिमिटेड, सरगवां (अंबिकापुर) में 31 दिसंबर 2022 को जमा करवा दिया।
राकेश अग्रवाल के अनुसार, बाद में उक्त ट्रक को जगदीश प्रसाद साहू (आरक्षक, थाना जयनगर, जिला सूरजपुर) ने अपने भाई सुदर्शन प्रसाद साहू के नाम पर 16 मार्च 2023 को खरीदा और 5 मई 2023 को ऑटोमॉल से उठवा लिया। हालांकि वाहन आज भी राकेश अग्रवाल के नाम पर पंजीकृत है।
आवेदक का आरोप है कि ट्रक को बिना रोड टैक्स, बीमा, फिटनेस, परमिट, प्रदूषण प्रमाणपत्र और हाई सेक्यूरिटी नंबर प्लेट के सड़क पर चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 18 अक्टूबर 2025 को यह वाहन घाटपेंडारी (थाना चंदोरा, जिला सूरजपुर) में इंजन सीज होने के बाद खराब हालत में पड़ा है, और अब इसे कबाड़ में बेचने का प्रयास किया जा रहा है।
राकेश अग्रवाल ने आशंका जताई है कि यदि इस वाहन से किसी दुर्घटना या गैरकानूनी गतिविधि होती है तो उसकी कानूनी जिम्मेदारी उनके ऊपर आ सकती है, क्योंकि वाहन अब भी उनके नाम पर रजिस्टर्ड है। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि जगदीश प्रसाद साहू, सुदर्शन प्रसाद साहू और अवधेश भदौरिया के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए, वाहन को ब्लैकलिस्ट कर उन्हें वापस दिलाया जाए।
