गृहमंत्री विजय शर्मा बीजापुर के जंगल में जवानों संग पहुंचे CRPF कैंप, नक्सल प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा और विकास का जायजा लिया

गृहमंत्री विजय शर्मा बीजापुर के जंगल में जवानों संग पहुंचे CRPF कैंप, नक्सल प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा और विकास का जायजा लिया

वीडियो में दिखा वीर जवानों के साथ मोटरसाइकिल सफर, विजय शर्मा ने कहा—जहाँ रास्ते कठिन हों, वहीं जवानों का जज़्बा मंज़िल बन जाता है

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने शुक्रवार को बीजापुर जिले के सुदूर वनांचल स्थित नम्बी ग्राम में 196 बटालियन सीआरपीएफ कैंप का दौरा किया। इस अवसर पर उन्होंने जवानों से मुलाकात कर उनके नक्सल अभियानों में दिखाए गए अदम्य साहस और समर्पण की सराहना की।

मंत्री विजय शर्मा ने अपने सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें वह पुलिस जवान के साथ मोटरसाइकिल पर सफर करते नजर आए। उन्होंने लिखा:

“जहाँ रास्ते कठिन हों, वहीं जवानों का जज़्बा मंज़िल बन जाता है—बीजापुर का दूरस्थ क्षेत्र नंबी इसका साक्षी है।”

उन्होंने बताया कि बीजापुर, जो कभी नक्सलियों का गढ़ रहा, आज शांति और विकास की राह पर है। जहाँ कल तक गोली की तड़तड़ाहट सुनाई देती थी, अब वहाँ सुरक्षाबलों की बूटों की धमक और ग्रामीणों में विश्वास बढ़ाने के प्रयास नजर आते हैं।

विजय शर्मा ने जवानों से उनके मनोबल और अभियान के दौरान आने वाली चुनौतियों के बारे में चर्चा की। उन्होंने कहा कि राज्य में स्थायी शांति और विकास के लिए सुरक्षा बलों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। जवान न केवल नक्सल हिंसा रोकने में उल्लेखनीय भूमिका निभा रहे हैं, बल्कि लोगों में शासन-प्रशासन के प्रति विश्वास भी जगा रहे हैं।

मंत्री ने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में संवेदनशील पुनर्वास नीति के तहत भटके हुए युवा मुख्यधारा में लौट रहे हैं, जिसमें सुरक्षा बलों का योगदान सराहनीय रहा है।