जुआ छापेमारी के दौरान दर्दनाक हादसा: कुएं में गिरने से युवक की मौत, थाने में बवाल
सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में दिवाली की रात पुलिस की जुआ छापेमारी के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। पुलिस कार्रवाई के बीच एक युवक की कुएं में गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने थाने में घुसकर तोड़फोड़ की और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।
जुआ फड़ पर छापा, मची भगदड़
जानकारी के अनुसार, घटना जयनगर थाना क्षेत्र के कुंज नगर की है। पुलिस को सूचना मिली थी कि इलाके में जुआ का बड़ा फड़ चल रहा है। सूचना मिलते ही जयनगर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और छापामार कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस को देखते ही जुआ खेलने वालों में भगदड़ मच गई। इसी अफरातफरी के बीच एक युवक कुएं में गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
थाने में हंगामा, तोड़फोड़ और चक्काजाम
घटना की खबर फैलते ही ग्रामीणों में गुस्सा फूट पड़ा। देर रात बड़ी संख्या में लोग जयनगर थाने पहुंच गए और पुलिस की कार्रवाई का विरोध करने लगे।
बताया जा रहा है कि इस दौरान ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों से झूमाझटकी की और थाना परिसर में तोड़फोड़ की। माहौल बिगड़ने पर थाना प्रभारी और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और भीड़ को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन स्थिति बेकाबू बनी रही।
बाद में ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी भी की।
वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे, जांच जारी
घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। पुलिस ने मृत युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
