सुबह-सुबह गूंजा बुलडोजर का शोर! मदरसा और गौ औषधालय पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, भारी पुलिस बल के बीच हटाया गया कब्जा!
जांजगीर के शिवरीनारायण में सरकारी जमीन से हटाया गया पुराना निर्माण — ASP, SDM की मौजूदगी में प्रशासन ने शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के लिए चलाया बुलडोजर
जांजगीर। नगर पंचायत शिवरीनारायण में सोमवार सुबह प्रशासन ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकारी जमीन पर वर्षों से संचालित मदरसा और गौ औषधालय पर बुलडोजर चला दिया। यह कार्रवाई नगर पंचायत के उस निर्णय के बाद की गई, जिसमें उसी भूमि पर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स निर्माण का प्रस्ताव पारित हुआ था।
कार्रवाई के दौरान ASP, SDM, SDOP, तहसीलदार सहित भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। बताया गया कि बस स्टैंड के पास स्थित यह जमीन लंबे समय से मदरसा और गौ औषधालय के कब्जे में थी। पिछले महीने मदरसा प्रबंधन की ओर से जमीन आवंटन के लिए आवेदन दिया गया था, जिसके बाद तहसीलदार ने इस संबंध में सार्वजनिक सूचना जारी की थी।
सूचना जारी होने के बाद हिंदू संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने तहसील कार्यालय का घेराव किया और शिवरीनारायण के व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद कर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया था।
इन घटनाओं के बाद प्रशासन ने निर्णय लिया कि प्रस्तावित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के लिए मदरसा और गौ औषधालय को हटाया जाएगा। सोमवार को पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई की गई और सरकारी भूमि से अवैध कब्जा हटाने का काम पूरा किया गया।
फिलहाल इलाके में शांति बनी हुई है, लेकिन प्रशासन ने एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल को तैनात किया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को टाला जा सके।
