छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए बड़ी सौगात! प्रधानमंत्री धन धान्य योजना से लाभ मिलेगा

छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए बड़ी सौगात! प्रधानमंत्री धन धान्य योजना से लाभ मिलेगा

प्रधानमंत्री मोदी ने शुरू की प्रधानमंत्री धन धान्य कृषि योजना और दलहन आत्मनिर्भर मिशन; छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा, कोरबा और जशपुर जिले भी शामिल।

रायपुर। देश के किसानों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज प्रधानमंत्री धन धान्य कृषि योजना और दलहन आत्मनिर्भर मिशन का शुभारंभ किया। इस योजना के तहत देश के 100 जिलों के किसानों को लाभ मिलेगा, जिसमें छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा, कोरबा और जशपुर जिले भी शामिल हैं।

राजधानी रायपुर में इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) के कृषक सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि जिन जिलों में अनाज का उत्पादन कम होता है, वहां के किसानों को विशेष सुविधाएं दी जाएंगी। सीएम ने बताया कि इन योजनाओं के माध्यम से किसानों को तकनीकी सहायता और संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि उनकी उत्पादन क्षमता में वृद्धि हो सके।

सीएम साय ने यह भी बताया कि GST सुधारों से किसानों को बड़ा लाभ हुआ है। कृषि उपकरणों, खाद्यान्न और संयंत्रों की कीमतों में कमी आई है, वहीं ट्रैक्टर के दाम में करीब 1 लाख रुपये तक की गिरावट दर्ज की गई है।

इसके अलावा, राज्य सरकार ने कलेक्टर-एसपी कॉन्फ्रेंस का आयोजन कर प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत किया है, ताकि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।

नई योजनाओं से उम्मीद जताई जा रही है कि किसानों का आर्थिक सशक्तिकरण होगा और कृषि उत्पादन में बढ़ोतरी आएगी, जिससे छत्तीसगढ़ के कृषि क्षेत्र को नई दिशा मिलेगी।