मध्यरात्रि का खेल: ओडिशा से आया ‘धान माफिया ट्रक’, 400 बोरा जब्त — गरियाबंद में उजागर हुआ बड़ा फसल घोटाला!”
धान खरीदी से पहले फिर सक्रिय हुए बिचौलिए — ओडिशा से सस्ते में लाकर छत्तीसगढ़ में अवैध भंडारण का खेल
गरियाबंद। धान खरीदी सीजन शुरू होने से पहले ही धान माफियाओं की सक्रियता बढ़ गई है। सीमावर्ती इलाकों में ओडिशा से अवैध रूप से धान लाकर छत्तीसगढ़ में भंडारण का खेल जोरों पर है। प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए बीती रात 400 बोरा धान से भरा ओडिशा पासिंग ट्रक जब्त किया है।
जानकारी के मुताबिक, देवभोग तहसीलदार की टीम ने ओडिशा के नवरंगपुर जिले की सीमा के पास छापा मारकर ट्रक को पकड़ा। ट्रक चालक से पूछताछ में कोई भी वैधानिक दस्तावेज नहीं मिला, जिससे साफ है कि यह धान समर्थन मूल्य में खपाने की साजिश के तहत लाया जा रहा था।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, इलाके में प्रति एकड़ 10 से 12 क्विंटल धान की पैदावारी होती है, जबकि सरकार 20 क्विंटल तक की खरीदी करती है। इस अंतर को पूरा करने के लिए कई किसान और बिचौलिए ओडिशा से धान लाकर बेचते हैं। ओडिशा में धान की दोनों सीजन में बंपर पैदावारी होती है, जिससे सस्ते दाम में खरीदकर मोटा मुनाफा कमाने का अवैध खेल चल रहा है।
प्रशासन अब अलर्ट मोड में है और सीमावर्ती इलाकों में लगातार निगरानी बढ़ा दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में अवैध धान तस्करी के खिलाफ बड़े पैमाने पर कार्रवाई की जाएगी।
